ब्लॉग खोजें

छद्म यूनियन बना कर मजदूरों को गुमराह कर रहे कुछ लोग : धीरज प्रसाद साहू

पूर्व राज्यसभा सांसद ने लगाया गंभीर आरोप, कहा - मजदूरों के नाम पर की जा रही राजनीति


लोहरदगा: 
पूर्व राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेता धीरज प्रसाद साहू ने लोहरदगा में चल रहे यूनियन विवाद पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इंटक यूनियन के नाम पर हिंडाल्को कंपनी से निजी लाभ उठाने की फिराक में मजदूरों को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे लोगों को न तो ट्रेड यूनियन की मूल अवधारणा की जानकारी है और न ही उन्हें मजदूरों की समस्याओं से कोई सरोकार है।

धीरज साहू ने आरोप लगाया कि ये लोग केवल व्यक्तिगत स्वार्थ की पूर्ति के लिए यूनियन का मुखौटा पहनकर मजदूरों को धोखा दे रहे हैं। उन्होंने इन्हें "बरसाती मेंढक" की संज्ञा देते हुए कहा कि ये लोग कथित जनप्रतिनिधि बनकर मजदूरों की पीठ पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में जुटे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्षों से छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन, ददई दुबे के नेतृत्व में मजदूरों के हित में काम कर रही है। वहीं, एक नया गुट संजीव रेड्डी से जुड़ी छद्म यूनियन बनाकर मजदूरों को भटकाने की कोशिश कर रहा है। धीरज साहू के अनुसार, यह मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित है, और ऐसी स्थिति में मजदूर संगठन के नाम पर निजी लाभ उठाना सरासर अनुचित है।

मजदूरों को ठग रहे हैं फर्जी संगठन
धीरज साहू ने कहा कि हिंडाल्को कंपनी से ट्रांसपोर्टिंग और अन्य अनुबंधों का लाभ उठाने के लिए कुछ लोग यूनियन का गलत उपयोग कर रहे हैं। इससे मजदूरों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है, बल्कि उनकी रोज़ी-रोटी तक छिन रही है। बॉक्साइट डंपिंग यार्ड में वर्षों से कार्यरत मजदूर आज बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं और दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं।

धरना-प्रदर्शन से निकली सच्चाई
हाल ही में कलेक्ट्रेट मैदान में मजदूरों ने धरना-प्रदर्शन कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और हिंडाल्को कंपनी से रोजगार की मांग की। यह स्पष्ट संकेत है कि मजदूरों को तथाकथित संगठनों से कोई वास्तविक सहायता नहीं मिली है। इन फर्जी संगठनों ने मजदूरों के साथ विश्वासघात किया है।

30 अप्रैल को होगा असली-नकली का फैसला
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि आगामी 30 अप्रैल को किस्को के फुटबॉल मैदान में होने वाले वार्षिक अधिवेशन से यह स्पष्ट हो जाएगा कि असली संगठन कौन है और फर्जी संगठन का क्या हश्र होने वाला है। उन्होंने भरोसा जताया कि मजदूर अभी भी ददई दुबे के नेतृत्व में चल रहे यूनियन पर विश्वास करते हैं और फर्जी संगठनों के बहकावे में नहीं आने वाले।


छद्म यूनियन बना कर मजदूरों को गुमराह कर रहे कुछ लोग : धीरज प्रसाद साहू छद्म यूनियन बना कर मजदूरों को गुमराह कर रहे कुछ लोग : धीरज प्रसाद साहू Reviewed by PSA Live News on 7:17:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.