ब्लॉग खोजें

झामुमो में कलह: खूंटी जिलाध्यक्ष जुबेर अहमद को हटाने की उठी जोरदार मांग, आंदोलन की चेतावनी


खूंटी
 । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के खूंटी जिला इकाई में अंदरूनी असंतोष अब खुलकर सामने आ गया है। जिलाध्यक्ष जुबेर अहमद को हटाने की मांग को लेकर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता एकजुट हो गए हैं। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि केंद्रीय नेतृत्व शीघ्र निर्णय नहीं लेता, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

प्रेस वार्ता की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष मगन मंजीत तिडू ने की। उन्होंने कहा कि जुबेर अहमद की कार्यशैली से संगठन के कार्यकर्ता बेहद नाराज़ हैं और इससे संगठन कमजोर हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जुबेर अहमद मनमानी करते हैं और कार्यकर्ताओं से कोई संवाद नहीं रखते, जिससे जमीनी स्तर पर संगठन की पकड़ ढीली होती जा रही है।

सभी प्रखंडों के अध्यक्ष और कार्यकर्ता गोलबंद

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में खूंटी के सभी प्रखंडों के प्रखंड अध्यक्ष, कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे। जिनमें प्रमुख रूप से पूर्व केंद्रीय सदस्य डॉ. हेमंत तोपनो, प्रखंड सचिव महेंद्र सिंह मुंडा, प्रकाश मुंडा, खूंटी प्रखंड अध्यक्ष नंदराम मुंडा, अड़की अध्यक्ष चंद्र सहाय सोले, कर्रा अध्यक्ष संदीप हेरेंज, मुरहू अध्यक्ष सालन बोदरा सहित अनेक नेताओं ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

डॉ. हेमंत तोपनो ने आंदोलन की चेतावनी दी

डॉ. हेमंत तोपनो ने कहा कि 2007 से लगातार जुबेर अहमद को जिलाध्यक्ष पद पर बनाए रखा गया है, लेकिन वे संगठन से कटे-कटे रहते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर केंद्रीय नेतृत्व जुबेर को हटाने का निर्णय नहीं लेता है, तो आने वाले दिनों में ज़िला इकाई उग्र आंदोलन करेगी।

मनमानी नियुक्ति का आरोप

उपाध्यक्ष मगन मंजीत ने आरोप लगाया कि बिना कार्यकर्ताओं की रायशुमारी के जुबेर अहमद को दोबारा जिलाध्यक्ष बना दिया गया, जबकि चुनाव से पहले ही उनके खिलाफ असंतोष की बात केंद्रीय नेतृत्व को बता दी गई थी। उस वक्त कार्यकर्ताओं को आश्वासन भी मिला था कि 15 दिनों में बदलाव होगा, पर ऐसा नहीं हुआ।

कार्यकर्ताओं की एकजुटता ने बढ़ाया नेतृत्व पर दबाव

झामुमो की खूंटी इकाई में व्याप्त यह असंतोष अब एकजुट विरोध के रूप में उभर कर सामने आया है, जिसने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व पर दबाव बढ़ा दिया है। अब देखना होगा कि पार्टी शीर्ष नेतृत्व इस उबाल को कैसे संभालता है — समाधान से या संघर्ष से।

झामुमो में कलह: खूंटी जिलाध्यक्ष जुबेर अहमद को हटाने की उठी जोरदार मांग, आंदोलन की चेतावनी झामुमो में कलह: खूंटी जिलाध्यक्ष जुबेर अहमद को हटाने की उठी जोरदार मांग, आंदोलन की चेतावनी Reviewed by PSA Live News on 9:26:00 pm Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.