रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज भाजपा विपक्ष के नाम पर एक नकारात्मक और निराशाजनक समूह बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार की हर सकारात्मक पहल से भाजपा नेताओं में ईर्ष्या और असुरक्षा की भावना साफ दिखाई देती है।
पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का विदेश दौरा भाजपा को रास नहीं आ रहा क्योंकि एक आदिवासी युवा मुख्यमंत्री की वैश्विक पहल भाजपा के डीएनए में नहीं बैठती। उन्होंने जोर देकर कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बना रहा है और उनकी नेतृत्व क्षमता पर जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
उन्होंने कहा कि चुनावों में पराजय के बाद प्रदेश में भाजपा के पास न कोई मुद्दा बचा है और न ही कोई दिशा। इसलिए भाजपा नेता सरकार के सकारात्मक कार्यों के परिणाम सामने आने से पहले ही काल्पनिक आलोचना गढ़कर खुद को राजनीति में प्रासंगिक बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।
स्पेन और स्वीडन यात्रा को लेकर विनोद पांडेय ने कहा कि इन देशों के साथ भारत के आर्थिक संबंध लगातार प्रगाढ़ हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारत में 280 से अधिक स्पेनिश कंपनियां सक्रिय हैं और 2024 में द्विपक्षीय व्यापार 8.78 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। अक्षय ऊर्जा, धातुकर्म, स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में झारखंड के पास असीम संभावनाएं हैं।
उन्होंने बताया कि झारखंड का प्रतिनिधिमंडल स्पेन और स्वीडन के औद्योगिक समूहों, निवेशकों और सार्वजनिक संस्थानों से बातचीत करेगा। बी2बी बैठकें और व्यापार मंच झारखंड की निवेशक नीति, औद्योगिक रोडमैप और सार्वजनिक-निजी भागीदारी के अवसरों को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने में सहायक होंगी।
"भाजपा सिर्फ साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की राजनीति कर रही है, जबकि झारखंड विकास के वैश्विक नक्शे पर अपने कदम मजबूत कर रहा है," पांडेय ने कहा।

कोई टिप्पणी नहीं: