रांची, 28 अप्रैल 2025: झारखंड के नगर विकास एवं आवास मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने सोमवार को नेपाल भवन स्थित कार्यालय कक्ष में रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड (RSCCL) और ग्रेटर रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी (GRDA) की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में स्मार्ट सिटी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिया कि स्मार्ट सिटी परियोजनाओं को तेज़ी से पूरा कर रांची को और अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और अत्याधुनिक बनाया जाए।
कमांड कंट्रोल सेंटर की कार्यक्षमता बढ़ेगी
मंत्री ने निर्देश दिया कि स्मार्ट सिटी में स्थापित कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर का उपयोग पूरे रांची शहर और एबीडी (Area Based Development) क्षेत्र की प्रभावी निगरानी के लिए सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पुलिस विभाग के साथ समन्वय बढ़ाते हुए सेंटर की कार्यक्षमता का विस्तार करने पर बल दिया।
प्रमुख निर्देश और प्राथमिकताएं:
समुचित रख-रखाव: एबीडी क्षेत्र की सफाई, संरचनाओं के अनुरक्षण एवं समग्र स्मार्टनेस को लगातार बनाए रखने के निर्देश।
पेयजल आपूर्ति: सभी प्लॉट्स तक जल्द से जल्द जलापूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश।
24x7 बिजली आपूर्ति: ऊर्जा विभाग से समन्वय स्थापित कर निरंतर विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था।
प्लॉट म्यूटेशन: ई-नीलामी पूर्ण प्लॉट्स का त्वरित म्यूटेशन कराने पर विशेष बल।
स्ट्रीट लाइट ऑटोमेशन: स्मार्ट सिटी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट ऑटोमेशन कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश।
भविष्य की योजनाएं और विस्तार
बैठक में विभाग के प्रधान सचिव एवं रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड के सीएमडी श्री सुनील कुमार ने परियोजनाओं की प्रगति, आगामी कार्ययोजनाओं और राष्ट्रीय स्तर पर रांची के प्रदर्शन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रांची सहित राज्य के अन्य बड़े शहरों में भी एबीडी मॉडल के विस्तार की योजना है। कई जिलों में भूमि चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अब तक 16 प्लॉट्स की ई-नीलामी संपन्न हो चुकी है और अन्य प्लॉट्स के लिए भी तैयारियां जारी हैं।
जनता को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने का निर्देश
मंत्री श्री कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि रांची को एक आदर्श स्मार्ट सिटी बनाने के लिए सभी कार्य तेजी से निष्पादित किए जाएं ताकि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान की जा सकें।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें