ब्लॉग खोजें

मंत्री हफ़िज़ुल अंसारी पर भाजपा का बड़ा हमला: फर्जी डिग्री और पाकिस्तान लिंक की जांच की मांग

रांची। झारखंड की राजनीति में नया भूचाल आया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने राज्य के मंत्री हफ़िज़ुल अंसारी पर फर्जी डिग्री लेने और पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क से संबंध रखने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अजय साह ने दावा किया कि हफ़िज़ुल अंसारी को मिली डॉक्टरेट उपाधि फर्जी है। उन्होंने बताया कि अंसारी ने "भारत वर्चुअल ओपन एजुकेशनल यूनिवर्सिटी" नामक एक अवैध संस्था से डिग्री ली है, जिसे न तो विश्वविद्यालय कहने का अधिकार है और न ही कोई शैक्षणिक उपाधि प्रदान करने की वैधानिक अनुमति।
साह ने कहा कि यूजीसी एक्ट 1956 की धारा 22 के तहत स्पष्ट है कि केवल मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय ही डिग्री प्रदान कर सकते हैं, और इस फर्जी संस्था को न यूजीसी, न भारत सरकार और न ही झारखंड सरकार से कोई मान्यता प्राप्त है।

शरीयत के आधार पर फर्जी उपाधि हासिल करने का आरोप

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि मंत्री हफ़िज़ुल अंसारी ने शरीयत आधारित निजी व्यवस्था के तहत संचालित इस कथित विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की डिग्री ली, जो कि पूरी तरह से एक कागज़ी संस्था है। अजय साह ने कहा कि यह संस्थान मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों द्वारा संचालित किया जाता है और इसका कोई वैधानिक आधार नहीं है।

पाकिस्तान कनेक्शन का भी आरोप

अजय साह ने आगे खुलासा किया कि यह फर्जी यूनिवर्सिटी "सेंट्रल क्रिश्चियन यूनिवर्सिटी, अफ्रीका" से संबद्धता का दावा करती है। जबकि जांच में सामने आया कि इस यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. उस्मान को इस्लामाबाद, पाकिस्तान की एक संस्था द्वारा प्रोफेसर की उपाधि दी गई थी। उन्होंने कहा कि इससे संदेह होता है कि मंत्री हफ़िज़ुल अंसारी की फर्जी डिग्री का नेटवर्क पाकिस्तान से जुड़ा हुआ हो सकता है।

संविधान की बजाय शरीयत को मानने का आरोप

साह ने मंत्री के आचरण पर भी सवाल उठाए और कहा कि हफ़िज़ुल अंसारी भारतीय संविधान की जगह शरीयत कानून को तरजीह देते हैं, जो एक मंत्री के पद और संवैधानिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जब एक मंत्री पर इतने गंभीर आरोप लगते हैं, तो यह महज व्यक्तिगत विषय नहीं रह जाता बल्कि राज्य की गरिमा और संविधान की आत्मा पर भी सवाल उठता है।

उच्च स्तरीय जांच की मांग

भाजपा ने इस पूरे प्रकरण में पाकिस्तान लिंक की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की है। अजय साह ने कहा कि यदि आरोप सिद्ध होते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी उपस्थित रहीं।

मंत्री हफ़िज़ुल अंसारी पर भाजपा का बड़ा हमला: फर्जी डिग्री और पाकिस्तान लिंक की जांच की मांग मंत्री हफ़िज़ुल अंसारी पर भाजपा का बड़ा हमला: फर्जी डिग्री और पाकिस्तान लिंक की जांच की मांग Reviewed by PSA Live News on 11:28:00 am Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.