– जिला के सभी पंचायतों में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा आयोजन
– शहरी लाभुक संबंधित बैंक शाखाओं में करा सकेंगे आधार लिंकिंग
– उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने दिए कैंप के सफल संचालन के निर्देश
रांची, 28 अप्रैल 2025ः झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के लिए कल 29 अप्रैल 2025 को रांची जिले के सभी पंचायतों में विशेष आधार सीडिंग कैंप का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक यह कैंप संचालित होगा।
उपायुक्त ने जिला के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं ताकि लाभुकों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
शहरी लाभुक संबंधित बैंक में कराएं आधार सीडिंग
शहरी क्षेत्रों के लाभुक अपने संबंधित बैंक शाखाओं में जाकर आधार सीडिंग करवा सकेंगे। यह सुविधा भी कल 29 अप्रैल को ही उपलब्ध रहेगी।
किन लाभुकों की होगी आधार सीडिंग?
कैंप में उन्हीं लाभुकों का आधार बैंक खाते से जोड़ा जाएगा, जिन्हें दिनांक 03.04.2025 या उसके बाद मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की तीन महीने की एकमुश्त सम्मान राशि ₹7500 प्राप्त हुई है।
जिन लाभुकों को 03.04.2025 से पहले यह राशि मिल चुकी है, उन्हें कैंप में आने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि उनके बैंक खाते पहले से आधार से लिंक हैं।
आधार लिंकिंग अनिवार्य
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विभागीय संकल्प के अनुसार अप्रैल 2025 से सम्मान राशि का भुगतान केवल आधार लिंक्ड सिंगल बैंक खाता के माध्यम से किया जाएगा। ऐसे में जिन लाभुकों का खाता अब तक आधार से लिंक नहीं हुआ है, उनके लिए आधार सीडिंग अत्यंत आवश्यक है।
कोई टिप्पणी नहीं: