तंजानिया में रक्षा सहयोग को नया आयाम: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने AIKEYME 2025 और डिफेंस एक्सपो का किया उद्घाटन
दार एस सलाम, तंजानिया । भारत के केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर तंजानिया पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल डी.के. त्रिपाठी और तंजानिया में भारत के उच्चायुक्त श्री बिश्वदीप डे ने किया। आगमन के उपरांत उन्होंने तंजानिया पीपुल्स डिफेंस फोर्स (TPDF) के अधिकारियों और सत्ताधारी पार्टी CCM के महासचिव व उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डॉ. इमैनुएल नचिंबी से शिष्टाचार भेंट की।
13 अप्रैल को, श्री सेठ ने तंजानिया की माननीय रक्षा मंत्री महामहिम स्टर्गोमेना लॉरेंस टैक्स के साथ मिलकर AIKEYME 2025 के उद्घाटन समारोह और तीसरे डिफेंस एक्सपो का संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। यह एक्सपो भारत की आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन क्षमता, अत्याधुनिक सैन्य तकनीक और नवाचारों को प्रदर्शित करता है। उन्होंने विभिन्न रक्षा स्टॉलों का निरीक्षण किया और भारत की रक्षा विनिर्माण क्षमताओं की सराहना की।
AIKEYME (Africa India Maritime Engagement) भारत और अफ्रीकी देशों के बीच एक बहुपक्षीय समुद्री अभ्यास है, जिसमें भारत के अलावा कोमोरोस, जिबूती, केन्या, मेडागास्कर, मॉरीशस, मोज़ाम्बिक, सेशेल्स और दक्षिण अफ्रीका जैसे नौ अन्य देश भाग ले रहे हैं। यह छह दिवसीय अभ्यास तीन दिन के बंदरगाह चरण और तीन दिन समुद्री अभ्यास में विभाजित है, जिसमें समुद्री सुरक्षा, आपसी विश्वास और समन्वय को मजबूत किया जाएगा।
इस अवसर पर श्री सेठ ने कहा:
“AIKEYME का अर्थ है ‘एकता’, और यह साझा जिम्मेदारी, सहयोग और समुद्री सुरक्षा की भावना को प्रतिबिंबित करता है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘SAGAR’ (सभी के लिए सुरक्षा और विकास) दृष्टिकोण का प्रतिफल है, जिसे रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी के मार्गदर्शन में साकार किया गया है।”
यह यात्रा भारत और तंजानिया के बीच रणनीतिक सहयोग को सुदृढ़ करने तथा समूचे अफ्रीकी क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: