रांची। रांचीवासियों के लिए गौरव का क्षण आ गया है! भारतीय वायुसेना का पहला एयर शो आगामी 19 और 20 अप्रैल 2025 को नामकुम स्थित खोजा टोली आर्मी ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल झारखंड के लिए ऐतिहासिक होगा, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत और रोमांच से भरपूर अनुभव भी प्रदान करेगा।
जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट और तैयार
रांची उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर एयर शो को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है। शो से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से निगरानी की जा रही है।
इस क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) श्री उत्कर्ष कुमार ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जिले के वरीय पदाधिकारियों, पुलिस बल, आयोजन से जुड़े कर्मियों और अन्य व्यवस्थापक टीमों के साथ स्थल पर जाकर हर पहलू का जायजा लिया, ताकि आयोजन में किसी भी प्रकार की चूक की संभावना ना रहे।
एयर शो का शेड्यूल और विशेषताएं
- तिथि: 19 और 20 अप्रैल 2025
- समय: प्रतिदिन प्रातः 9:45 बजे से 10:45 बजे तक
- प्रवेश: पूर्णतः निःशुल्क
- स्थान: खोजा टोली आर्मी ग्राउंड, नामकुम, रांची
- दर्शकों को सुबह 8:30 बजे तक अपने निर्धारित स्थान ग्रहण करने होंगे।
सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम
एयर शो में हजारों की संख्या में दर्शकों के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, आपात चिकित्सा सेवाएं, और दर्शकों की सुविधा से जुड़ी सभी तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई हैं।
यह कार्यक्रम ना सिर्फ भारतीय वायुसेना की शक्ति और कौशल का प्रदर्शन होगा, बल्कि रांची की जनता को राष्ट्र की सैन्य ताकत को करीब से देखने और समझने का भी दुर्लभ अवसर मिलेगा।
रांचीवासियों से अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे समय पर पहुंचें, सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें और इस अद्भुत आयोजन का हिस्सा बनकर देश के वीर सपूतों का उत्साहवर्धन करें।
यह एयर शो रांची के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ेगा — जिसमें आसमान पर भारत का पराक्रम और जमीन पर जनमानस का गर्व साथ-साथ दिखाई देगा।

कोई टिप्पणी नहीं: